टी20 की ऐतिहासिक जीत के बाद वनडे में भी इंग्लैंड पर कब्जा जमाने उतरेगी टीम इंडिया, देखें संभावित प्लेइंग-11

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमें अब तक वनडे फॉर्मेट में 76 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से इंग्लैंड ने 40 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि भारत ने 34 मैचों में जीत दर्ज की है। दो मैचों का नतीजा नहीं निकल सका।

टी20 सीरीज में 3-2 से ऐतिहासिक फतह हासिल करने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय महिला टीम बुधवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में भी विजय रथ जारी रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी। यह पहला मौका था जब भारत ने इंग्लैंड को टी20 सीरीज में हराया।

वनडे विश्व कप की तैयारी का अहम पड़ाव

वर्ष के अंत में भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम इस फॉर्मेट में भी मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगी। भारतीय टीम ने मई में श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में शानदार जीत दर्ज की थी। इंग्लैंड पर एक और सीरीज जीत से वर्ल्ड कप से पहले टीम का आत्मबल बढ़ेगा।

प्रतीका रावल को फिर मिला मौका, शेफाली बाहर

भारत की टीम अब बड़े स्कोर बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। हाल की सीरीज में 276, 275, 337 और 342 जैसे विशाल स्कोर खड़े किए गए हैं। कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, “हमारा लक्ष्य 300 के पार रन बनाना होता है, जिससे गेंदबाजों को सहूलियत मिलती है।” उभरती बल्लेबाज प्रतीका रावल को एक बार फिर अनुभवी शेफाली वर्मा पर तरजीह दी गई है। रावल वनडे में सबसे तेज 500 रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन चुकी हैं।

मजबूत मध्यक्रम, दमदार ऑलराउंडर्स

टीम इंडिया के पास स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, जेमिमा रोड्रिग्स और हरलीन देओल जैसी भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। वहीं, दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर जैसे ऑलराउंडर निचले क्रम में मजबूती लाते हैं।

तेज और स्पिन गेंदबाज़ी का संतुलन

रेणुका सिंह और पूजा वस्त्राकर के चोटिल होने के कारण तेज गेंदबाजी का जिम्मा अब अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और सयाली गणेश पर होगा। स्पिन अटैक में स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और राधा यादव की मौजूदगी टीम को विविधता देती है।

इंग्लैंड को दो दिग्गज खिलाड़ियों से मजबूती

इंग्लिश टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट और नंबर-1 वनडे स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन चोट के बाद टीम में लौटी हैं, जिससे इंग्लैंड की ताकत बढ़ गई है।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतीका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़।

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट (विकेटकीपर), एम अर्लट, लॉरेन बेल, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, सोफिया डंकले, लॉरेन फाइलर।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment