नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज के पांचवें मुकाबले से पहले ही बीसीसीआई द्वारा टीम से रिलीज कर दिया गया है। बुमराह ने मौजूदा श्रृंखला में अब तक तीन टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 14 विकेट झटके। इस दौरान वह दो बार पांच विकेट हॉल भी ले चुके हैं।
बीसीसीआई ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बुमराह का कार्यभार प्रबंधन ध्यान में रखते हुए उन्हें शेष सीरीज से आराम दिया गया है। इससे पहले चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने संकेत दिया था कि तेज गेंदबाज केवल तीन टेस्ट ही खेलेंगे।
क्या एशिया कप खेल पाएंगे बुमराह?
बुमराह की एशिया कप में भागीदारी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का फाइनल 29 सितंबर को प्रस्तावित है, जबकि भारत की अगली टेस्ट सीरीज 2 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही है। ऐसे में बुमराह का एशिया कप में खेलना उनके वर्कलोड और फिटनेस पर निर्भर करेगा।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, “बुमराह को टेस्ट क्रिकेट ज्यादा पसंद है और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अंक दांव पर हैं। एशिया कप खेलने के बाद उनका वेस्टइंडीज सीरीज में खेलना जोखिमभरा हो सकता है।”
आगे का कार्यक्रम क्या है?
भारत को एशिया कप के बाद अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट खेलने हैं, जिसके बाद नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी दो टेस्ट होंगे। वहीं, जनवरी 2026 में भारत को टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी के तहत न्यूजीलैंड से T20 सीरीज खेलनी है।
बुमराह के आगामी महीनों में वनडे प्रारूप में खेलने की संभावना बेहद कम है क्योंकि उनका फोकस टेस्ट और टी20 क्रिकेट पर रहेगा।



