ग्रैंड चेस टूर के सुपर यूनाइटेड रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट में भारत के युवा शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश का शानदार प्रदर्शन जारी है। रैपिड वर्ग के आखिरी नौवें दौर में उन्होंने अमेरिका के दिग्गज वेसली सो को हराकर कुल 14 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। गुकेश ने तीन अंकों की बढ़त बना ली है जो ब्लिट्ज राउंड में अहम भूमिका निभा सकती है।
गुकेश ने तीसरे दिन दो मुकाबले ड्रॉ किए और फिर निर्णायक रूप से वेसली को मात दी। इससे पहले उन्होंने पूर्व विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को भी छठी बाजी में हराकर सनसनी फैलाई थी।
प्रज्ञानंद भी दमदार फॉर्म में हैं। उन्होंने सातवें दौर में इवान सेरिक को हराया और अब वह नौ अंकों के साथ फैबियानो कारुआना के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर बने हुए हैं।
रैपिड चरण में गुकेश को कुल 6 जीत, 2 ड्रॉ और एक हार (डूडा के खिलाफ) मिली। अब ब्लिट्ज के 18 राउंड बाकी हैं जहां उनकी तीन अंकों की लीड उन्हें खिताब का मजबूत दावेदार बना रही है।
कार्लसन की प्रतिक्रिया:
लगातार दूसरी बार गुकेश से हारने के बाद विश्व नंबर-1 मैग्नस कार्लसन ने कहा – “अब शतरंज खेलने में पहले जैसा मज़ा नहीं आ रहा।” इससे पहले नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में भी गुकेश ने उन्हें हराया था, जहां हार के बाद कार्लसन ने निराशा में टेबल पर मुक्का भी मारा था।



