वडोदरा पुल त्रासदी: 19 की मौत, दो लापता, तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

वडोदरा, गुजरात:

महिसागर नदी पर बने पुल के ध्वस्त होने के बाद राहत और बचाव कार्य तीसरे दिन भी जारी है। हादसे में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं। घटनास्थल पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें व्यापक तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन तेज बहाव और कीचड़ के कारण अभियान में बाधा आ रही है।

भारी बारिश और गाद बनी मुश्किल

जिलाधिकारी अनिल धमेलिया ने बताया कि बारिश और नदी में भारी गाद के कारण शवों को निकालने में कठिनाई आ रही है। शुक्रवार सुबह बचाव कार्य दोबारा शुरू किया गया। नदी में क्विकसैंड की 3-4 मीटर गहराई और सल्फ्यूरिक एसिड टैंकर की उपस्थिति भी चुनौती बना हुआ है।

वाहनों में कितने लोग थे, अब तक स्पष्ट नहीं

पुल के टूटते ही दो ट्रक, दो कार और एक रिक्शा नदी में समा गए थे। इनमें से एक मिनी ट्रक और एक कार में कितने लोग सवार थे, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।

बचाव कार्य के लिए विशेष पुल निर्माणाधीन

डूबे वाहनों तक पहुंचने के लिए नदी के बीच विशेष अस्थायी पुल तैयार किया जा रहा है। सरकार की ओर से 10 से अधिक टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।

सरकार की कार्रवाई: चार इंजीनियर निलंबित

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राज्य सड़क एवं भवन विभाग के चार वरिष्ठ इंजीनियरों को निलंबित किया है। विभागीय रिपोर्ट में मरम्मत और निरीक्षण में लापरवाही की पुष्टि के बाद यह कदम उठाया गया। निलंबित अधिकारियों में एन.एम. नायकवाला, यू.सी. पटेल, आर.टी. पटेल और जे.वी. शाह शामिल हैं।

तीन साल पहले किया गया था अलर्ट

सामाजिक कार्यकर्ता लखन दरबार ने 2022 में ही पुल की जर्जर स्थिति को लेकर चेतावनी दी थी। एक वायरल ऑडियो क्लिप में लखन को अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि पुल खतरनाक है और लोगों की जान जोखिम में है। सरकारी तंत्र की अनदेखी अब सवालों के घेरे में है।

कांग्रेस का आरोप: चार साल में गिरे सात पुल

कांग्रेस ने वडोदरा हादसे को सरकार की प्रशासनिक विफलता बताया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर लिखा, “साल 2021 से अब तक गुजरात में सात पुल ढह चुके हैं, जो भाजपा शासन की उदासीनता का परिणाम है।”

अहमदाबाद में ऑडिट शुरू

हादसे के बाद अहमदाबाद नगर निगम ने शहर के सभी 15 साल से पुराने पुलों का ऑडिट शुरू कर दिया है। नेहरू ब्रिज, गांधी ब्रिज सहित अन्य पुलों की भार वहन क्षमता की जांच की जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment