यूजर चार्ज पर डॉक्टरों की बड़ी पहल: BJP चिकित्सा प्रकोष्ठ ने बनाई संयुक्त समिति

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय एकात्म परिषद में चिकित्सा प्रकोष्ठ की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर में लागू यूजर चार्ज को लेकर गहन मंथन हुआ। बैठक में जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और उपाध्यक्ष अकबर अली की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बना दिया।

इस बैठक का मुख्य फोकस नगर निगम द्वारा लागू किए गए यूजर चार्ज में सामने आ रही समस्याओं और विसंगतियों को समझना और उन्हें दूर करने के उपाय तलाशना रहा। उपस्थित चिकित्सकों और पदाधिकारियों ने खुलकर अपनी राय रखी और इस चार्ज को अधिक सरल, न्यायसंगत और आम जनता के लिए सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया।

बैठक में चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अखिलेश दुबे, रायपुर जिला संयोजक (चिकित्सा प्रकोष्ठ) डॉ. सत्येंद्र पांडेय, डॉ. आर.एल. वर्मा और सह-संयोजक डॉ. मनोज ठाकुर सहित कई वरिष्ठ डॉक्टर मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. कृष्णा दास मानिकपुरी, डॉ. संदीप भार्गव, डॉ. रुद्र साहू, डॉ. हर्षिता मेहता, डॉ. रोहित जैन, डॉ. मनीष ठाकुर, डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. अनुभव शितूत, डॉ. पुण्यराज मारकंडे, डॉ. मुकेश सोनी, डॉ. बद्री प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. कोमल राम साहू, डॉ. अभिषेक और डॉ. नरेश सिंह राजपूत समेत कई विशेषज्ञों ने भागीदारी की।

चर्चा के बाद सर्वसम्मति से एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें विभिन्न चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इस समिति में आईएमए से डॉ. अखिलेश दुबे, इंडियन डेंटल एसोसिएशन से डॉ. विकास अग्रवाल और डॉ. अनुभव, आयुर्वेदिक एसोसिएशन से डॉ. आर.एल. वर्मा और मनीष सिंह ठाकुर, होम्योपैथिक एसोसिएशन से डॉ. संदीप भार्गव, डॉ. रुद्र साहू और डॉ. हर्षिता मेहता तथा फिजियोथेरेपी एसोसिएशन से डॉ. अभिषेक चंदेल को शामिल किया गया है।

समिति का प्रमुख उद्देश्य नगर निगम के यूजर चार्ज की मौजूदा व्यवस्था का गहराई से विश्लेषण करना, अन्य राज्यों और जिलों की व्यवस्था से तुलना करना और एक व्यवहारिक व जनहितकारी समाधान तैयार करना है। समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन और नगर निगम के समक्ष पेश करेगी।

बैठक में यह भरोसा जताया गया कि यह पहल यूजर चार्ज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और आम लोगों के साथ-साथ चिकित्सकों को भी राहत मिलेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment