रायपुर।रायपुर में आयोजित “अग्र मंथन 2026” कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समाज सेवा, शिक्षा और संस्कारों को लेकर एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसके संस्कार और उसकी एकजुटता में होती है।
अग्रसेन धाम में आयोजित इस कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और सामूहिक विकास के लिए काम करना चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने परिवार की भूमिका को सबसे अहम बताते हुए कहा कि मजबूत और संस्कारित परिवार ही एक मजबूत समाज की नींव रखते हैं। बच्चों में अच्छे संस्कार और अपनी परंपराओं के प्रति गर्व की भावना विकसित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
सांसद अग्रवाल ने समाज सेवा की असली परिभाषा बताते हुए कहा कि
“गरीब का इलाज, बेटी की शादी और बच्चों की पढ़ाई—यही सबसे बड़ी सेवा है।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी गरीब इलाज के अभाव में न मरे, कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और कोई भी बेटी आर्थिक कमी के कारण अपने सपनों से पीछे न हटे।
शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि
“मंदिर से भी बड़ा शिक्षा का मंदिर होता है, जहां भविष्य गढ़ा जाता है।”
उन्होंने समाज से अपील की कि शिक्षा के क्षेत्र में अधिक निवेश और ध्यान दिया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने एक अहम सुझाव भी रखा कि देशभर में बने अग्रसेन भवनों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। यहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई और युवाओं को कंप्यूटर जैसी आधुनिक ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन हुआ और “अग्र धरोहर” पत्रिका का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अग्रवाल सभा रायपुर के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।






