“120% देने की आदत है…” — विराट कोहली की धमाकेदार पारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

आईपीएल 2026 की शुरुआत विराट कोहली ने उसी अंदाज़ में की है, जिसके लिए वो जाने जाते हैं क्लास, कंट्रोल और कमिटमेंट। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस स्टार बल्लेबाज़ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार नाबाद 69 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और मैच के बाद दिलचस्प बातें भी साझा कीं।

कोहली ने सिर्फ 38 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्के जड़ते हुए दिखा दिया कि उनका फॉर्म अभी भी टॉप पर है। मैच के बाद उन्होंने साफ कहा कि वो हर बार मैदान पर उतरते वक्त “120 प्रतिशत” देने के इरादे से आते हैं और बिना तैयारी के कभी नहीं खेलते।

कोहली ने अपनी वापसी को लेकर कहा कि लंबे समय बाद आईपीएल में लौटना उनके लिए खास रहा। उन्होंने बताया कि पिछली बार वो आईपीएल फाइनल में खेले थे, लेकिन हाल की वनडे सीरीज में मिली लय ने उन्हें इस मैच में भी आत्मविश्वास दिया।

उनके शब्दों में, वो अब वही शॉट्स खेल रहे हैं जो उनकी ताकत हैं, और फिटनेस पर लगातार काम करने का फायदा साफ दिख रहा है। ब्रेक को लेकर भी कोहली ने अहम बात कही।

उन्होंने माना कि लगातार क्रिकेट खेलने से ज्यादा थकान हो जाती है, और ऐसे में बीच-बीच में मिला ब्रेक उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताज़ा कर देता है। यही वजह है कि वो अब हर मैच में पूरी ऊर्जा के साथ उतर पा रहे हैं।

 पडिक्कल पर क्या बोले कोहली?

देवदत्त पडिक्कल की 26 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इस पर कोहली ने उनकी जमकर तारीफ की।

कोहली ने बताया कि शुरुआत में वो खुद आक्रामक खेलने की सोच रहे थे, लेकिन जब उन्होंने पडिक्कल को शानदार लय में देखा, तो उन्होंने समझदारी दिखाते हुए उन्हें ज्यादा स्ट्राइक दी।

उनके मुताबिक, पडिक्कल की पारी ने मैच को हैदराबाद की पहुंच से काफी दूर कर दिया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment