तिरंगे के कथित अपमान पर घिरे हार्दिक पांड्या, पुणे में वकील ने दर्ज कराई शिकायत

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

टी20 विश्व कप में भारत की जीत के जश्न के बीच भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या क नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। पुणे के एक वकील ने उन पर राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह शिकायत पुणे के एक वकील वाजिद खान ने शिवाजीनगर पोलिस स्टेशन में दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टी20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में जश्न के दौरान हार्दिक पांड्या ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटकर मैदान में उत्सव मनाया, जो राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों के खिलाफ हो सकता है।

शिकायत में क्या कहा गया?

शिकायतकर्ता वकील का कहना है कि तिरंगा देश की अस्मिता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में राष्ट्रीय ध्वज के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार कानूनन आपत्तिजनक माना जा सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखे और उससे जुड़े नियमों का पालन करे।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें इस संबंध में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल आवेदन की प्रारंभिक जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि मामले में कानूनी रूप से कोई उल्लंघन हुआ है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

जश्न के दौरान क्या हुआ था?

भारत की टी20 विश्व कप जीत के बाद अहमदाबाद के स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल था। इसी दौरान हार्दिक पांड्या को मैदान पर तिरंगे के साथ जश्न मनाते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इसी दृश्य को आधार बनाकर शिकायत दर्ज कराई गई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment