भारत में होने वाली अगली जनगणना को इस बार अधिक सटीक और तेज बनाने के लिए सरकार ने खास तैयारी शुरू कर दी है। जनगणना प्रक्रिया का पहला चरण अगले महीने से शुरू किया जाएगा। इस चरण में देशभर के मकानों और क्षेत्रों का विस्तृत सूचीकरण किया जाएगा, जिससे आगे होने वाली आबादी की गणना का आधार तैयार हो सके।
इस बार जनगणना को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ा गया है ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके और परिणाम जल्द जारी किए जा सकें। इसके लिए डिजिटल प्रबंधन और निगरानी प्रणाली विकसित की गई है, जिसमें 7 लाख से अधिक इंटीग्रेटेड जियोग्राफिक इन्फॉर्मेशन सिस्टम (GIS) आधारित नक्शे अपलोड किए गए हैं। एक वेब-बेस्ड मैपिंग एप्लीकेशन के जरिए इन नक्शों की जियो-टैगिंग की जाएगी, जिससे किसी भी क्षेत्र की सही पहचान हो सके और आंकड़ों के दोहराव की संभावना कम हो जाए।
जनगणना अधिकारियों के अनुसार, इस बार जिला, उप-जिला और गांव स्तर तक के नक्शों की सटीकता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे तकनीक का सही इस्तेमाल कर सकें।
दरअसल, 2011 की जनगणना में कई तरह की चुनौतियां सामने आई थीं। उस समय आंकड़ों के विश्लेषण और अंतिम नतीजे जारी होने में काफी समय लग गया था। इसके अलावा कई स्थानों पर नक्शों के आदान-प्रदान में देरी हुई और प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को उनके सही उपयोग की पर्याप्त जानकारी नहीं थी। कई गणना ब्लॉकों और आसपास के प्रमुख स्थलों से संबंधित जानकारी भी अधूरी पाई गई थी।
इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मकान सूचीकरण के पहले चरण में मास्टर ट्रेनर और प्रगणकों को नक्शों के उपयोग और डिजिटल प्रणाली के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया है।
सरकार का लक्ष्य है कि जनगणना 2027 के दौरान न सिर्फ सटीक आंकड़े जुटाए जाएं, बल्कि जनता की भागीदारी और विश्वास भी बढ़ाया जाए। इसके लिए जल्द ही देशभर में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि लोग जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग कर सकें।






