रायपुर। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा महकमे में उस वक्त हलचल मच गई जब अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में कथित आर्थिक गड़बड़ियों के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव और वर्तमान उप कुलसचिव शैलेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में आदेश उच्च शिक्षा विभाग, मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में बीते समय में हुई खरीद प्रक्रियाओं को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद गठित जांच समिति ने दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच रिपोर्ट में खरीद प्रक्रिया के दौरान गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। खासकर GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल के जरिए की गई सामग्री खरीदी में नियमों के उल्लंघन और प्रक्रियात्मक खामियों को चिन्हित किया गया है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन नहीं किया गया और कुछ मामलों में पारदर्शिता पर सवाल उठे। इसी आधार पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान शैलेंद्र दुबे को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, मामले की विस्तृत विभागीय जांच अलग से की जाएगी। जांच में दोष सिद्ध होने की स्थिति में आगे की कठोर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में दोहराया है कि शैक्षणिक संस्थानों में वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में अंदरूनी हलचल तेज हो गई है और कर्मचारी व अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।



