बीजापुर।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ की खबर सामने आई है। बीजापुर जिले के न्नागेल्लूर और पेद्दागेलूर क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे Anti Naxal Operation के दौरान डीआरजी और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन की नक्सलियों से सीधी भिड़ंत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को घेर लिया, जिसके बाद दोनों ओर से लंबी मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान नक्सली कमांडर और डिवीजनल कमेटी (DVC) सदस्य उधम सिंह के मारे जाने की सूचना मिल रही है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि घटनास्थल पर अभी भी तलाशी अभियान जारी है और पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर रखा है। ऑपरेशन समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल भी बरामद की गई है। जंगलों में अब भी रुक-रुक कर गोलियों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी को बस्तर दौरे पर आने वाले हैं। ऐसे में इस ऑपरेशन को नक्सल विरोधी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। केंद्र सरकार पहले ही यह साफ कर चुकी है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे का लक्ष्य तय किया गया है, और इसी दिशा में लगातार बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं।
फिलहाल बीजापुर के मुठभेड़ क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दे रही हैं।



