3000 करोड़ के मैक्सीजोन घोटाले में बड़ा खुलासा, गोविंदा समेत कई फिल्मी सितारों पर FIR दर्ज

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

जमशेदपुर।3000 करोड़ रुपये के बहुचर्चित मैक्सीजोन टच इंडिया प्राइवेट लिमिटेड घोटाले में अब जांच की आंच फिल्मी दुनिया तक पहुंच गई है। जमशेदपुर के साकची थाना में दर्ज ताजा प्राथमिकी में फिल्म अभिनेता गोविंदा, शक्ति कपूर, चंकी पांडे, रज़ा मुराद, गायक-नेता मनोज तिवारी सहित कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह और परसुडीह निवासी सूर्य नारायण पात्रो को आरोपी बनाया गया है।

यह FIR बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती निवासी जसपाल सिंह और टेल्को कॉलोनी निवासी कुलदीप सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी ने अधिक मुनाफे का झांसा देकर उनसे करीब 8 लाख रुपये का निवेश कराया, लेकिन बाद में कंपनी का जमशेदपुर कार्यालय बंद कर दिया गया और संचालक फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, मैक्सीजोन कंपनी का कार्यालय साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में संचालित हो रहा था। इससे पहले भी वर्ष 2022 में इसी कंपनी और उससे जुड़े कलाकारों व अधिकारियों के खिलाफ साकची थाने में मामले दर्ज हो चुके हैं। कंपनी के खिलाफ अकेले साकची थाना क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज बताए जा रहे हैं।

कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह इस समय रांची जेल में बंद हैं। पुलिस ने दोनों को धनबाद से गिरफ्तार किया था। दोनों मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के निवासी हैं। इस घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा है।

शिकायत के मुताबिक, कंपनी प्रति निवेशक न्यूनतम एक लाख रुपये के निवेश पर 15 प्रतिशत मासिक ब्याज देने का दावा कर रही थी। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए कंपनी अपने प्रचार कार्यक्रमों में नामचीन फिल्मी सितारों को मंच पर बुलाती थी।

आंकड़ों के अनुसार, केवल जमशेदपुर से ही 10 हजार से अधिक निवेशकों ने कंपनी में करीब 150 करोड़ रुपये लगाए, जबकि पूरे झारखंड में निवेश की राशि लगभग 600 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि जनवरी 2022 के बाद कंपनी ने निवेशकों को ब्याज देना बंद कर दिया।

यह कथित धोखाधड़ी सितंबर 2021 से फरवरी 2022 के बीच की बताई जा रही है। साकची थाना प्रभारी आसंद मिश्रा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment