14 करोड़ की GST चोरी का पर्दाफाश, DGGI रायपुर ने संतोष वाधवानी को दबोचा

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।माल एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (DGGI) रायपुर जोनल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की जीएसटी चोरी के मामले में संतोष वाधवानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने बेटे के नाम से पंजीकृत फर्म मेसर्स विजय लक्ष्मी ट्रेड कंपनी के जरिए फर्जी लेन-देन कर सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंचाने का आरोप है। DGGI की टीम ने उसे 29 जनवरी की रात करीब 9 बजे रायपुर से हिरासत में लिया।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरे मामले में लगभग 80 करोड़ रुपये के फर्जी इनवॉइस जारी किए गए, जिसके माध्यम से करीब 14 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की गई। आरोपी ने बिना किसी वास्तविक माल या सेवा की आपूर्ति किए, फर्जी बिलों के आधार पर अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाया।

DGGI रायपुर जोन को मिली ठोस खुफिया सूचना और अत्याधुनिक डेटा एनालिटिक्स के आधार पर इस नेटवर्क की गहन जांच की गई। जांच के दौरान आपूर्तिकर्ताओं के बैंक खातों, ई-वे बिल डेटा और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई, जिसमें फर्जी इनवॉइसिंग और कागजी लेन-देन की पुष्टि हुई।

पर्याप्त साक्ष्य सामने आने के बाद, चूंकि अवैध रूप से प्राप्त इनपुट टैक्स क्रेडिट की राशि 5 करोड़ रुपये से अधिक पाई गई, इसलिए आरोपी को सीजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तार किया गया। यह अपराध अधिनियम की धारा 132 के अंतर्गत दंडनीय है।

गिरफ्तारी के बाद संतोष वाधवानी को रायपुर जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद 30 जनवरी की शाम आरोपी को रायपुर सेंट्रल जेल में दाखिल किया गया।

DGGI रायपुर जोनल यूनिट ने स्पष्ट किया है कि कर चोरी और अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने व्यापारियों और करदाताओं से जीएसटी नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है और धोखाधड़ी में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और सहयोगियों की तलाश के लिए जांच अभी जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment