रायपुर। राजधानी रायपुर के काली माता वार्ड में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने बीएलओ (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) के साथ मारपीट की और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि महिला फॉर्म देने में देरी को लेकर भड़क गई और गाली-गलौज करते हुए बीएलओ की साड़ी तक खींच ली।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि महिला एसआईआर फॉर्म घर पर ही पहुंचाने की जिद कर रही थी। जब बीएलओ ने प्रक्रिया समझाई, तो वह अचानक उग्र हो गई और हाथापाई पर उतर आई। यही नहीं, वीडियो बना रहे युवक को भी महिला ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटने की कोशिश की।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और स्थानीय लोगों ने महिला की हरकतों की निंदा की है। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
ये पहली घटना नहीं… पिछले हफ्ते भी हुआ हंगामा
मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह दूसरी बड़ी अभद्रता की घटना है। कुछ दिन पहले महंत लक्ष्मी नारायण वार्ड में भी बीएलओ ने एक भाजपा पार्षद पर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था।

उस वीडियो में महिला बीएलओ अपने वरिष्ठ अधिकारी को फोन पर रोते हुए बताती दिखी थी कि पार्षद ने उनसे पूछा—
“आप कांग्रेस के बीएलए के साथ क्यों घूम रहीं हैं? भाजपा बीएलए के साथ क्यों नहीं?”
बीएलओ का आरोप था कि पार्षद ने फोन पर उन्हें धमकाते हुए कहा
“तुम्हें तमीज नहीं है… मैं तुम्हारे खिलाफ शिकायत करूंगा।”
लगातार दो घटनाओं के बाहर आने के बाद बीएलओ की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।







