कोलंबिया।कोलंबिया के कैटटुम्बो क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। Beechcraft 1900 विमान, जो कुकुटा से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद लापता हो गया था, उसका मलबा अब दुर्गम और पहाड़ी इलाके में बरामद कर लिया गया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में विमान में सवार सभी 13 यात्रियों और 2 क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है।
मृतकों में कोलंबियाई संसद (चेंबर ऑफ डेप्युटीज) के सदस्य डियोजेनेस किंतेरो और आगामी चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो भी शामिल हैं, जिससे यह हादसा राजनीतिक और राष्ट्रीय स्तर पर और भी गंभीर माना जा रहा है।
उड़ान के 11 मिनट बाद टूटा संपर्क
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और बचाव एजेंसियों के अनुसार, विमान का अंतिम रडार संपर्क बुधवार सुबह 11:42 बजे कैटटुम्बो क्षेत्र के ऊपर दर्ज किया गया था। टेकऑफ के महज 11 मिनट बाद विमान अचानक रडार से गायब हो गया, जिसके बाद खोज अभियान शुरू किया गया।
खराब मौसम और दुर्गम इलाका बना चुनौती
विमान का मलबा जिस स्थान पर मिला है, वह इलाका अत्यंत दुर्गम और पहाड़ी है। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण खोज एवं बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद कोलंबियाई एयरोस्पेस फोर्स और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने तत्काल सर्च एंड रेस्क्यू प्रोटोकॉल लागू किया।
जांच जारी, कारण अब भी स्पष्ट नहीं
कोलंबिया की नागरिक उड्डयन एजेंसी के जांचकर्ता हादसे के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या मौसम इसकी वजह बना।
परिजनों के लिए हेल्पलाइन जारी
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर (601) 919 3333 जारी किया है।
स्थानीय सांसद विलमर कैरिल्लो ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा,
“यह खबर बेहद पीड़ादायक है। हमारे सहयोगी डियोजेनेस किंतेरो, कार्लोस साल्सेडो और उनकी टीम इस हादसे का शिकार हुई है।”
यह दुर्घटना कोलंबिया में विमान सुरक्षा और उड्डयन संचालन को लेकर एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।







