रायपुर।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2026) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में परीक्षा केंद्राध्यक्षों, परिवहन अधिकारियों और उड़नदस्ता दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासन ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर दीवार घड़ी, शुद्ध पेयजल, वाहन पार्किंग, बिजली बैकअप और इमरजेंसी लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
दो पालियों में होगी परीक्षा
शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2026) का आयोजन 1 फरवरी 2026 (रविवार) को दो पालियों में किया जाएगा।
- पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक — 43 परीक्षा केंद्र
- दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:45 बजे तक — 84 परीक्षा केंद्र
दोनों पालियों को मिलाकर जिले में कुल 45,919 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
परीक्षार्थियों के लिए सख्त निर्देश
परीक्षा मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, बैंगनी, मैरून और गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्रों पर रोक रहेगी। बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, लेकिन जांच के समय उसे उतारकर दिखाना अनिवार्य होगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच से गुजरना होगा। परीक्षा के दौरान केवल चप्पल पहनने की अनुमति रहेगी, जबकि कान के आभूषण, घड़ी और अन्य सजावटी वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ये सामान ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण ले जाना सख्त वर्जित रहेगा। अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देशों के साथ प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।







