शुष्क दिवस पर रायपुर में शराब बिक्री, प्लैटिनम बार संचालक गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

रायपुर।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शासन की ओर से घोषित शुष्क दिवस के बावजूद राजधानी रायपुर में चोरी-छिपे शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना क्षेत्र के प्लैटिनम बार से शराब बाहर निकालकर बेचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और बार संचालक को शराब बेचते पकड़ लिया। मामले में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, बार के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने के लिए आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन ने शुष्क दिवस घोषित किया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह रोक थी। इसके बावजूद मौदहापारा थाना क्षेत्र के गली नंबर-1 में पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब बाहर निकालकर बेचने की शिकायत पुलिस को मिली थी।

मुखबिर से मिली सूचना और पहले से मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौदहापारा पुलिस ने जांच शुरू की। रात करीब 10:30 बजे पुलिस को बार से शराब बाहर निकालकर बेचने की गतिविधि मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बार संचालक पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार वह आदर्श स्कूल के पीछे देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद की, जिसकी कीमत करीब 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से मिले 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए। कुल मिलाकर 3,450 रुपये का सामान पुलिस ने बरामद किया है।

शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने का मामला सामने आने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि प्रतिबंध के बावजूद बार से शराब बाहर कैसे निकाली गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले में पुलिस सिर्फ बार संचालक तक ही सीमित नहीं है। बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बार संचालक के साथ सुरक्षा गार्ड के खिलाफ भी अलग से धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान अगर किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बार के लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्लैटिनम बार के आबकारी लाइसेंस पर भी कार्रवाई की संभावना है। शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने को लेकर आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। इसके आधार पर बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।

पुलिस ने साफ किया है कि शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने या शासन के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment