रायपुर।छत्तीसगढ़ में राजभाषा को और सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम प्रशासनिक निर्णय लिया है। शासन ने श्री प्रभात मिश्रा को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में संस्कृति विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा 05 फरवरी 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने अपने प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए श्री प्रभात मिश्रा को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक अस्थायी रूप से आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। श्री मिश्रा रायपुर शहर के टिकरापारा, नंदी चौक (पुराने पोस्ट ऑफिस के सामने) के निवासी हैं।

यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से आदेशानुसार की गई है। आदेश पर संस्कृति विभाग की अवर सचिव रुचि शर्मा के डिजिटल हस्ताक्षर अंकित हैं।
इन विभागों को भेजी गई आदेश की प्रति
नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना के लिए—
- राज्यपाल सचिवालय
- संस्कृति विभाग
- उच्च शिक्षा विभाग
- मुख्यमंत्री सचिवालय
- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय
- विधानसभा सचिवालय
- समस्त संभागायुक्त एवं कलेक्टर
- संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय
सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
राजभाषा को मिलेगा नया आयाम
राज्य सरकार के इस फैसले को छत्तीसगढ़ी भाषा और हिंदी के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि नए अध्यक्ष के रूप में श्री प्रभात मिश्रा के नेतृत्व में राजभाषा आयोग की गतिविधियां और अधिक सक्रिय, प्रभावी और जनोन्मुखी होंगी।



