टेलीग्राम पर एनएसई कर्मचारी बनकर शिक्षिका से तीन लाख की ठगी, निवेश के नाम पर हड़पे रुपये

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

ऑनलाइन ठगी के मामले देशभर में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला पेंड्रा से सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका को टेलीग्राम एप के जरिए तीन लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार बना दिया गया। ठगों ने खुद को National Stock Exchange of India (NSE) का कर्मचारी बताकर महिला को निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। शुरुआत में ठगों ने छोटे-छोटे टास्क देकर और थोड़ी रकम लौटाकर शिक्षिका का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद उन्हें ज्यादा लाभ के लालच में बार-बार बड़ी रकम जमा करने को कहा गया। महिला ने धीरे-धीरे तीन लाख रुपये तक का निवेश कर दिया। रकम प्राप्त करने के बाद ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। जब शिक्षिका ने अपने पैसे वापस लेने की कोशिश की, तब जाकर उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है।

इससे पहले भी राजनांदगांव में इसी तरह का मामला सामने आ चुका है, जिसमें एक शिक्षिका से छह लाख रुपये की ठगी की गई थी। लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों ने आम नागरिकों को सावधान रहने की चेतावनी दी है। साइबर ठग निवेश योजनाओं के नाम पर भरोसा जीतकर रकम हड़पने का नया तरीका अपना रहे हैं, जिससे सतर्क रहना बेहद जरूरी हो गया है।

 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment