अनिल दुबे के नेतृत्व में 23 जनवरी से सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज का सदस्यता अभियान

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

रायपुर। सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज एवं छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा की प्रदेश समिति की बैठक शनिवार को हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में दोपहर 2 बजे आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण संग्राम सेनानी एवं छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के संस्थापक दाऊ जी. जी. चंद्राकर ने की। बैठक में 23 जनवरी से प्रदेशभर में सदस्यता अभियान शुरू करने और 26 जनवरी को आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष एवं सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज की संचालक मंडल के प्रमुख अनिल दुबे ने संगठन के उद्देश्यों, सदस्यता अभियान की रणनीति और छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा के प्रस्तावित मार्ग की विस्तृत जानकारी दी। चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं बसंत पंचमी के अवसर पर प्रदेश के पांच अलग-अलग क्षेत्रों से एक साथ सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी।

निर्णय के अनुसार कवर्धा जिले के वनांचल क्षेत्र रेंगाखार से सदस्यता अभियान की शुरुआत अनिल दुबे के नेतृत्व में की जाएगी। महासमुंद जिले के सिरपुर क्षेत्र से छन्नू साहू, बृज बिहारी साहू और अशोक कश्यप के नेतृत्व में अभियान चलाया जाएगा। रायपुर शहर में जागेश्वर प्रसाद और शिवनारायण ताम्रकार के नेतृत्व में सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा, जबकि नरहरपुर कांकेर क्षेत्र में वेगेंद्र सोनवेर के नेतृत्व में किसानों को संगठन से जोड़ा जाएगा। वहीं बिरगांव और गोगांव क्षेत्र में गंगाराम साहू, श्यामू सेन, रोहित चंद्रवंशी और अंकित साहू के नेतृत्व में अभियान संचालित किया जाएगा।

बैठक में दूसरे प्रस्ताव के तहत यह भी तय किया गया कि 26 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे महामाया मंदिर प्रांगण में सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के पदाधिकारी, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और 15 महिला समाज सदस्यों द्वारा महाआरती कर छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। रथ यात्रा महामाया मंदिर से बूढ़ेश्वर मंदिर, माना, अभनपुर, नयापारा और नया रायपुर क्षेत्र से होते हुए चंपारण पहुंचेगी, जहां ग्रामीणों के बीच सभा आयोजित कर रात्रि विश्राम किया जाएगा।

इसके बाद 27 जनवरी से चंपारण और आरंग क्षेत्र में रथ यात्रा का भ्रमण किया जाएगा। वहीं 1 फरवरी से 3 फरवरी तक विश्व धरोहर सिरपुर क्षेत्र के लगभग 50 गांवों में छत्तीसगढ़िया समाज और किसानों के बीच जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। रथ यात्रा के अगले चरण को लेकर 2 फरवरी को बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के प्रदेश कमेटी के प्रमुख जागेश्वर प्रसाद, लालाराम वर्मा, वेगेंद्र सोनवेर, विमल ताम्रकार, घनाराम साहू, गोवर्धन वर्मा, शिवनारायण ताम्रकार, अशोक कश्यप, लक्ष्मी निषाद, गंगा प्रसाद कंवर, बृजबिहारी साहू, राजपाल टंडन, रामेश्वर चौहान, रघूनंदन साहू, श्यामूराम सेन, डॉ. पंचराम सोनी, देवनारायण साहू, दशरथी चौहान, रूप सिंह निषाद, धर्मेंद्र यादव, नाथूराम सिन्हा, रोहित चंद्रवंशी, अंकित साहू, गंगाराम साहू, मनमोहन, पूनऊ सिन्हा, हिमांशु, श्यामबाई ध्रुव, रितु महंत, टुकेश्वरी ध्रुव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment