राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई इस धमकी के बाद पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और सभी न्यायिक कार्य स्थगित कर दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्ति द्वारा दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर धमकी भरा मेल भेजा गया था, जो शाम के समय संज्ञान में आया। मेल सामने आते ही न्यायिक अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
धमकी के बाद कोर्ट परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया। आम लोगों और अधिवक्ताओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दहशत में नजर आए।
बम स्क्वॉड की सघन तलाशी
सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे न्यायालय परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि को लेकर गहन जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
एसपी ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मेल भेजने वाले की तलाश तेज
फिलहाल पुलिस द्वारा धमकी भरे मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की पहचान और उसके इरादों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।







