बालोद। छत्तीसगढ़ में आयोजित जंबूरी कार्यक्रम अब सियासी घमासान का कारण बनता जा रहा है। आयोजन में कथित अनियमितताओं और करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच बालोद जिला युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकडे के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से “नोटों से भरा बैग” लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
बिना टेंडर कार्य, कमीशनखोरी के आरोप
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकडे ने भाजपा सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जंबूरी आयोजन में नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई और बिना किसी वैधानिक टेंडर प्रक्रिया के चहेते ठेकेदारों को काम सौंपा गया। बोकडे ने आरोप लगाया कि पूरे आयोजन में कमीशनखोरी हावी रही और जनता के पैसों का दुरुपयोग किया गया।
DEO कार्यालय में दर्ज कराया विरोध
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतीकात्मक नोटों से भरा बैग लेकर जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी से मिले और अपना विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने जंबूरी आयोजन स्थल पर भी पहुंचकर नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि आयोजन की प्रक्रिया पूरी तरह संदिग्ध है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इस प्रदर्शन में जिला महामंत्री आदित्य दुबे, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष साजन पटेल, पार्षद सुमित शर्मा, अजहर तिगाला, दीपक सानू पाल, दिनेश्वर साहू, मयंक राजा और विकास सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जंबूरी आयोजन से जुड़े कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







