सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम अस्पताल में भर्ती

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली:कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उन्हें एक विशेषज्ञ छाती रोग चिकित्सक की निगरानी में रखा गया है।

सूत्रों ने बताया कि यह भर्ती एहतियातन और नियमित स्वास्थ्य जांच के उद्देश्य से की गई है। सोनिया गांधी लंबे समय से पुरानी खांसी की समस्या से जूझ रही हैं। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वे समय-समय पर अस्पताल में अपनी जांच कराती रहती हैं। उन्हें सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती किया गया था।

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है और सोनिया गांधी की सेहत में सुधार है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, खासतौर पर छाती से जुड़ी समस्याओं को लेकर चिकित्सकीय देखरेख की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सोनिया गांधी को स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। 15 जून 2025 को पेट में तकलीफ के चलते उन्हें सर गंगाराम अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया था, जहां वे करीब तीन से चार दिनों तक इलाजरत रहीं।

इसके अलावा 7 जून 2025 को शिमला प्रवास के दौरान भी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय वे प्रियंका गांधी के साथ छुट्टियां मना रही थीं, लेकिन स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण अगले ही दिन दिल्ली लौटना पड़ा। इसके बाद 9 जून को उन्होंने सर गंगाराम अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment