रायपुर।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “देश का दुश्मन” कहने वाले विवादित बयान पर राजनीति गरमा गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खड़गे का यह वक्तव्य निंदनीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के खिलाफ भी है।
सीएम साय ने कहा कि “मोदी जी देश के दुश्मन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों और आकांक्षाओं के रक्षक हैं। उनका पूरा जीवन भारतवासियों की सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित है।”
मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
साय ने तर्क दिया कि 2014 से पहले कांग्रेस के शासन में भारत की अर्थव्यवस्था ठहरी हुई थी और देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में दसवें स्थान पर था। लेकिन मोदी सरकार के 11 वर्षों में भारत ने ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए चौथे स्थान पर जगह बनाई है। यह 140 करोड़ भारतीयों की एकता और विश्वास का प्रमाण है।
किसानों-गरीबों के लिए योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक योजनाएँ लागू की हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आवास योजना, आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी पहल ने देश की तस्वीर बदली है।
खड़गे को माफी मांगनी चाहिए
साय ने खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही भविष्य की दृष्टि। इसलिए वे आधारहीन आरोपों और व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खड़गे को अपने बयान के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
सीएम ने कहा कि “मोदी जी का नेतृत्व आज भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उनके कारण भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है, अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और सामाजिक न्याय की दिशा में नई आशा जगी है। पूरा देश उनके नेतृत्व पर गर्व करता है और भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना अब साकार होता नजर आ रहा है।”



