बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट 2025: 200+ निवेशकों की भागीदारी से बदलेगा आदिवासी अंचल का भविष्य

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय संतुलन को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 11 सितंबर को बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट 2025 का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश-विदेश से 200 से अधिक प्रमुख निवेशक, उद्योगपति और स्थानीय उद्यमी शामिल होंगे। सरकार को उम्मीद है कि इस आयोजन में कई महत्वपूर्ण समझौते होंगे, जो बस्तर की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बस्तर के युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और औद्योगिक नीति की हर पहल स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और विकास को घर-घर तक पहुँचाने पर केंद्रित है।

बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट से न सिर्फ औद्योगिक और आर्थिक विकास होगा बल्कि आदिवासी अंचल की सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा। इस आयोजन से रोजगार सृजन और स्थानीय समुदायों के सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। इससे पहले ऐसे इन्वेस्टर कनेक्ट दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, रायपुर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टोक्यो, ओसाका और सियोल में हो चुके हैं, जिनसे नवंबर 2024 से अब तक ₹6.65 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के अंतर्गत औषधि निर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, आईटी और डिजिटल तकनीक, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस, डिफेंस और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर होटल, इको-टूरिज्म, वेलनेस सेंटर और खेल सुविधाओं जैसी परियोजनाओं पर 45 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। नीति में विशेष रूप से एससी-एसटी उद्यमियों को 10 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी और नक्सलवाद से प्रभावित परिवारों को भी समान लाभ दिया जाएगा। आत्मसमर्पित नक्सलियों को नई औद्योगिक इकाइयों में रोजगार देने पर पाँच वर्षों तक उनके वेतन पर 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी, वहीं बस्तर के स्टील सेक्टर को 15 वर्षों तक रॉयल्टी रीइम्बर्समेंट का फायदा मिलेगा।

बस्तर इन्वेस्टर कनेक्ट राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें संतुलित क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और आदिवासी समुदायों का सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment