नेपाल हिंसा से काठमांडू एयरपोर्ट बंद, इंडिगो फ्लाइट्स लखनऊ डायवर्ट; पीएम ओली ने दिया इस्तीफा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

काठमांडू/नई दिल्ली।नेपाल में भड़की हिंसा ने राजनीतिक और सामाजिक हालात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। विरोध प्रदर्शनों के चलते राजधानी काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया है। स्थिति बिगड़ने से नेपाल जा रही इंडिगो एयरलाइंस की दो उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारा गया।

नेपाल विमानन प्राधिकरण के प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि काठमांडू एयरपोर्ट पर धुएं और आग की वजह से दृश्यता बेहद खराब हो गई, जिसके चलते एयरपोर्ट को तत्काल प्रभाव से बंद करना पड़ा।

फ्लाइट्स पर असर

फ्लाइटराडार24 के अनुसार, इंडिगो की दिल्ली-काठमांडू (6E1153) और मुंबई-काठमांडू (6E1157) उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया। भारत से नेपाल जाने वाली कई उड़ानें फिलहाल प्रभावित हैं। एअर इंडिया ने दिल्ली-काठमांडू मार्ग पर चलने वाली तीन उड़ानों (AI2231/2232, AI2219/2220 और AI217/218) को रद्द कर दिया है।

सोशल मीडिया बैन से भड़का विरोध

हिंसक प्रदर्शन की शुरुआत तब हुई जब नेपाल सरकार ने इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, यूट्यूब और एक्स (ट्विटर) सहित कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगाने का फैसला किया। इसके खिलाफ राजधानी काठमांडू और अन्य शहरों में युवा प्रदर्शनकारियों ने जोरदार विरोध किया।

नेताओं के घरों में आग, पीएम ओली इस्तीफा

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने कई शीर्ष राजनीतिक नेताओं के घरों में आग लगा दी। इनमें प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का आवास भी शामिल है। हालात बिगड़ने पर ओली ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और सेना उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई। वहीं, पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा विरोधकारियों के हमले में घायल हो गए।

कर्फ्यू और गोलीबारी

सरकार ने हिंसा काबू करने के लिए कर्फ्यू लगा दिया है और काठमांडू के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सोमवार को संसद भवन में घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोलीबारी की, जिसमें 20 लोग मारे गए। हालात पर काबू पाने के लिए सेना को तैनात कर दिया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment