ED ने भाजपा कार्यकर्ता से की पूछताछ, राहुल गांधी की नागरिकता विवाद पर हाईकोर्ट में दायर याचिका से जुड़ा मामला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की नागरिकता विवाद से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर से पूछताछ की है। यह पूछताछ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत मंगलवार को हुई।

शिशिर वही कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में एक जनहित याचिका दायर की थी। इसमें दावा किया गया था कि राहुल गांधी ब्रिटिश नागरिक हैं और इसके सबूत ब्रिटिश सरकार के दस्तावेजों व ईमेल में मौजूद हैं।

पूछताछ के दौरान सौंपे दस्तावेज

ईडी सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिशिर से कई सवाल पूछे गए और उनका बयान दर्ज किया गया। उनसे कुछ दस्तावेज और रिकॉर्ड भी मांगे गए। ईडी मुख्य रूप से विदेशी मुद्रा कानून से जुड़े उल्लंघनों की जांच कर रही है।
शिशिर ने कहा कि उनके पास “ठोस सबूत और वीडियो रिकॉर्डिंग” हैं, जिन्हें वे एजेंसी को सौंप चुके हैं।

हाईकोर्ट में लंबित मामला

30 अगस्त को हाईकोर्ट ने शिशिर की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार को 24 घंटे की सुरक्षा देने का आदेश दिया था। अदालत ने कहा था कि शिशिर एक प्रभावशाली व्यक्ति के खिलाफ केस लड़ रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

शिशिर का यह भी दावा है कि उनकी शिकायत पर सीबीआई पहले से जांच कर रही है और वे कई बार दिल्ली में पेश होकर एजेंसी को सबूत दे चुके हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 अक्तूबर को होगी।

केंद्रीय सरकार ने अदालत को बताया कि ब्रिटेन सरकार से राहुल गांधी की कथित नागरिकता को लेकर जानकारी मांगी गई है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे विवाद पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इनकार किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment