संवेदनाओं के रंग में सजा छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव, प्रतिभा और संस्कारों का भव्य संगम

Madhya Bharat Desk
6 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल, सर्वोदय नगर, टाटीबंध, रायपुर द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह ‘संवेदना : भावों की अभिव्यक्ति 2025’ का आयोजन रविवार, 4 जनवरी 2026 को पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में भव्य, गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक चेतना का जीवंत उदाहरण बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विद्यालय की संस्थापिका एवं महिला नागरिक सहकारी बैंक तथा सूर्या सामाजिक जनकल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती सत्यबाला अग्रवाल, शाला संचालक श्री संजय अग्रवाल, शाला प्रबंधिका श्रीमती ज्योति अग्रवाल, सूर्या संस्कार फाउंडेशन के संचालक श्री सिद्धार्थ अग्रवाल, शाला की कार्यकारी निर्देशक श्रीमती मृणाली अग्रवाल एवं प्राचार्य श्री राकेश चतुर्वेदी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावनाओं से ओत-प्रोत स्वागत गीत ने पूरे सभागार को संवेदनशील और सांस्कृतिक वातावरण से भर दिया। विद्यार्थियों की रंगारंग नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने मंच पर इंद्रधनुषी छटा बिखेरते हुए उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुरस्कार केवल सम्मान नहीं बल्कि निरंतर परिश्रम और आत्मअनुशासन की प्रेरणा होते हैं। उन्होंने कहा कि आज अर्जित ज्ञान और संस्कार ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनते हैं।

विशिष्ट अतिथि श्री पुरंदर मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास ही किसी शिक्षण संस्था की वास्तविक पहचान है। उन्होंने बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताया।

समारोह में विद्यालय की संरक्षिका श्रीमती सत्यबाला अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही, जिनके मार्गदर्शन से विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

शाला प्रबंधिका श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, संवेदना और व्यक्तित्व विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील व्यक्ति ही समाज को सकारात्मक दिशा दे सकता है।

वहीं प्राचार्य श्री राकेश चतुर्वेदी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों के साथ आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में विद्यालय की अन्य शाखाओं — सी.पी.एस. किड्स एकेडमी शंकर नगर की प्राचार्या सुश्री सुनंदा नायक, गुढ़ियारी की प्राचार्या सुश्री ओशीन खान एवं बीरगांव की प्राचार्या श्रीमती राखी साव का सक्रिय सहयोग रहा।

समारोह के दौरान सभी शाखाओं के विद्यार्थियों ने सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्य, पर्यावरण संरक्षण, श्रम शक्ति, नारी शक्ति, हिंदू दर्शन के चार युग, छत्तीसगढ़ी, राजस्थानी एवं पंजाबी समूह नृत्यों के माध्यम से भावनात्मक प्रस्तुतियाँ दीं।

सी.पी.एस. टाटीबंध पी.पी.2 के नन्हे कलाकारों ने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जबकि गुढ़ियारी शाखा के नर्सरी विद्यार्थियों ने वृक्ष और जल संरक्षण का संदेश दिया।

शंकर नगर शाखा के पी.पी.1 विद्यार्थियों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को दर्शाते हुए वीर सैनिकों के साहस को नमन किया तथा पी.पी.2 के विद्यार्थियों ने महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप जीत को आत्मविश्वास और संकल्प का प्रतीक बताया।

मुख्य शाखा के कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवन और डिजिटल लत से दूरी का संदेश दिया। कक्षा 3 के विद्यार्थियों ने ‘छोटी खुशियाँ, बड़ी मुस्कान’ एवं ‘ब्लू पल्स ऑफ प्लेनेट’ थीम के माध्यम से जीवन और पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया।

कक्षा 6 के विद्यार्थियों ने माता-पिता के त्याग को ‘साइलेंट सैक्रिफाइस’ नृत्य द्वारा दर्शाया, जबकि मुख्य शाखा और बीरगांव के विद्यार्थियों ने किसानों के परिश्रम को सम्मान दिया।

कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने मानवता और सम्मान का संदेश दिया तथा कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने नारी शक्ति और आत्मसम्मान को मंच पर जीवंत किया। कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों ने चारों युगों की अवधारणा, नशामुक्ति, योग और शक्ति स्वरूपा माँ काली के प्रचंड रूप की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।

अबेकस एवं वैदिक गणित के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी गणनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया, जिसकी उपयोगिता श्रीमती सविता केला ने विस्तार से बताई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा। कक्षा 12वीं विज्ञान में पृथ्वी देवांगन ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया तथा कक्षा 10वीं में मानसी शर्मा ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय को गौरवान्वित किया।

इसके अलावा कक्षा 11वीं विज्ञान की छात्राएँ गीतिका साहू, आयुषी शुक्ला, शीतल सिंह एवं विद्या कुर्रे ने राज्य स्तरीय ह्यूमैनिस्टिक डिजाइन समिट में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अभिभावकों को उत्कृष्ट परिणामों का श्रेय दिया।

समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, टीम वर्क और संवेदनशील सोच का सशक्त उदाहरण बनकर सभी के लिए अविस्मरणीय रहा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment