रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में पिछले कई दिनों से 34 हाथियों का बड़ा झुंड घूम रहा है। दिनभर ये झुंड समारूमा बीट के जंगलों में रहता है, लेकिन शाम ढलते ही गांवों की ओर बढ़ जाता है। इस दौरान हाथी किसानों की धान की फसल और कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार नुकसान से परेशान ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मंगलवार की रात यह झुंड छेड़ोरिया गांव तक पहुंच गया, जहां छह किसानों की फसल और कुछ घरों को नुकसान हुआ। हाथियों ने ट्यूबवेल और खेतों की मेड़ भी तोड़ी। सुबह होने से पहले झुंड वापस जंगल की तरफ लौट गया। इस समूह में आठ नर, 18 मादाएं और आठ बच्चे शामिल बताए गए हैं।
गांवों में स्थिति बिगड़ने न पाए, इसलिए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वनकर्मी रातभर टीम के साथ गश्त कर रहे हैं ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
उधर, हाथियों से बढ़ते खतरे और फसलों के नुकसान को देखते हुए ग्रामीणों ने समारूमा जंगल के पास स्थित देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों ने मां से प्रार्थना की कि किसी की जान को खतरा न हो, फसल बची रहे और हाथी भी सुरक्षित रहें। पूजा के दौरान अगरबत्ती और नारियल चढ़ाए गए और बाद में प्रसाद भी बांटा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि वे चाहते हैं कि वन विभाग झुंड को सुरक्षित तरीके से जंगल के भीतर गहराई तक ले जाए, ताकि गांवों में नुकसान न हो। इस बीच, विभाग की टीम लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।



