कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर लगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, 120 से ज्यादा लोगों ने करवाई जांच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल की जिम्मेदारी एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) विभाग ने उठाई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।

शिविर का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री महादेव कांवरे, कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा और प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी की उपस्थिति में किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंपस समुदाय में स्वास्थ्य-जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच की जरूरत के प्रति संवेदनशील बनाना था। शिविर में ब्लड शुगर, बीपी, वजन, तापमान सहित कई आवश्यक जांचें की गईं, जिनका लाभ 120 से अधिक प्रतिभागियों ने उठाया।

फैकल्टी सदस्य डॉ. देवेन्द्र कश्यप ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए बताया कि समय-समय पर जांच कराने से कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता चल सकता है। उन्होंने छात्रों को पौष्टिक भोजन, नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की भी सलाह दी।

विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग आगे भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) के विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक निभाई। शिविर में सहयोगी के रूप में डॉ. देवेन्द्र कश्यप, डॉ. रविन्द्र पटेल, डॉ. डिगेश जोशी, डॉ. आकाश पाटले और अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया।
शिविर के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment