छत्तीसगढ़ भारतीय क्रिकेट टीम के चर्चित खिलाड़ी रिंकू सिंह आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पहुंचेंगे। वे यहां आयोजित ब्राह्मण प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह फाइनल मैच तय्या टाइटंस और वल्लभ वेंचर्स के बीच खेला जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार रिंकू सिंह की उपस्थिति से न सिर्फ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिलेगा।
रिंकू सिंह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और दमदार फिनिशिंग के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल और रणजी ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया है। उनके आने से इस आयोजन का महत्व बढ़ गया है और बिलासपुर के खेल परिसर में शाम को होने वाले मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने की उम्मीद है।



