उदंती-सीतानदी में रन फॉर हॉर्नबिल, 250 लोगों ने लगाई 10 KM की दौड़

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

गरियाबंद।वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) में हॉर्नबिल संरक्षण को लेकर 10 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर हॉर्नबिल’ दौड़ का आयोजन किया गया। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मालाबार पाइड हॉर्नबिल के संरक्षण के प्रति जागरूक करना और स्थानीय ग्रामीणों को इससे जोड़ना था।

यह दौड़ रिजर्व के करीब 2,500 फीट की ऊंचाई वाले ओंध और अमलोर गांवों के बीच आयोजित की गई। यह इलाका मालाबार पाइड हॉर्नबिल का प्रमुख प्राकृतिक आवास माना जाता है। दौड़ की शुरुआत बनियाढास जलप्रपात से हुई और प्रतिभागियों ने करीपागर जलप्रपात तक दौड़ पूरी की।

कार्यक्रम में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन. और वन विभाग के विशेष सचिव धम्मशील गणवीर समेत करीब 250 लोगों ने हिस्सा लिया। रिजर्व की सभी 8 रेंजों के वनकर्मी, अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भी दौड़ में शामिल हुए।

हॉर्नबिल संरक्षण में ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर

कार्यक्रम का खास उद्देश्य स्थानीय लोगों को मालाबार पाइड हॉर्नबिल के महत्व के बारे में बताना और इसके संरक्षण में उनकी भागीदारी बढ़ाना था। यह पक्षी जंगल के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। हॉर्नबिल फलों को खाकर उनके बीजों को अलग-अलग जगह पहुंचाता है, जिससे जंगल में नए पौधों के उगने में मदद मिलती है।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में हॉर्नबिल की संख्या बढ़ने के साथ इसके संरक्षण के लिए कई पहल भी की जा रही हैं।

‘हॉर्नबिल रेस्टोरेंट’ से सालभर मिलेगा प्राकृतिक भोजन

हॉर्नबिल के लिए पूरे साल प्राकृतिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हॉर्नबिल रेस्टोरेंट’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत पीपल, बरगद और फाइकस प्रजाति के दूसरे फलदार पेड़ों के समूह तैयार किए जा रहे हैं। इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल चुकी है।

‘हॉर्नबिल सफारी’ से युवाओं को रोजगार का मौका

रिजर्व में ‘हॉर्नबिल सफारी’ के जरिए वन्यजीव संरक्षण के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं। ओंध, अमलोर और अमामोरा जैसे गांवों के युवाओं को इससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

दौड़ के अलग-अलग वर्गों में प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में वनरक्षक परमेश्वरी, ललिता, रिंकी जोशी और ओंध गांव की टीकेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन किया।

वेटरन श्रेणी में गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक गुरुनाथन एन. और तौरेंगा के रेंजर केजूराम कोरचे ने हिस्सा लिया।

इस आयोजन के जरिए ‘प्रकृति के लिए दौड़ें, हॉर्नबिल बचाएं’ का संदेश दिया गया। वन विभाग और स्थानीय समुदाय की भागीदारी से आयोजित यह कार्यक्रम हॉर्नबिल संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment