रायपुर। देश में लगातार बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजधानी के घड़ी चौक पर हाथों में गैस सिलेंडर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपए और व्यावसायिक सिलेंडर में करीब 110 रुपए की वृद्धि की गई है। उनका कहना है कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
चूल्हा जलाकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने अलग अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने चौराहे पर चूल्हा जलाकर उस पर खाना बनाते हुए महंगाई के खिलाफ नाराजगी जताई। महिलाओं का कहना था कि गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों के कारण घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो लोगों को मजबूरी में फिर से पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेना पड़ेगा।
तेल कंपनियों के दफ्तरों के घेराव की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया, तो पार्टी प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत तेल कंपनियों के सरकारी कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा।
पार्टी का कहना है कि महंगाई लगातार आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ा रही है और सरकार को इस पर तुरंत राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए।



