भूपेश बघेल से माफी की मांग तेज, सोशल मीडिया पर #भूपेश_बघेल_माफी_मांगो बना राष्ट्रीय ट्रेंड

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सियासी और सामाजिक हलकों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। इस बयान के विरोध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #भूपेश_बघेल_माफी_मांगो हैशटैग देशभर में दूसरे नंबर पर ट्रेंड करता रहा।

इस डिजिटल विरोध अभियान में छत्तीसगढ़ राष्ट्रवादी संघ, भाजपा समर्थक, साहू समाज के कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। न सिर्फ प्रदेश बल्कि अन्य राज्यों में रहने वाले साहू समाज के लोगों ने भी भूपेश बघेल की भाषा पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, यह हैशटैग पूरे देश में लगातार ट्रेंड करता रहा, जहां हजारों यूज़र्स ने पोस्ट के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। राष्ट्रवादी संगठनों और भाजपा समर्थकों ने इसे राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए भूपेश बघेल से अपनी गलती स्वीकार करने की मांग की।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच साहू समाज ने भी सख्त रुख अपनाया है। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर भूपेश बघेल ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो राज्यभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है।

मामले ने अब सामाजिक से लेकर राजनीतिक मोर्चे तक तूल पकड़ लिया है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने की संभावना जताई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment