रायपुर।राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) के बाहर अचानक हंगामा हो गया। सिविल लाइन इलाके में स्थित मुख्यमंत्री निवास के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया और वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
सुरक्षा कर्मियों से भी हुई झूमाझटकी
मिली जानकारी के अनुसार, व्यक्ति ने मुख्यमंत्री निवास के बाहर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनके साथ झूमाझटकी भी हुई। अचानक हुए इस हंगामे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
गोली चलने की चर्चा, पुलिस ने क्या बताया?
घटना के दौरान गोली चलने जैसी आवाज सुनाई देने की चर्चा भी सामने आई। हालांकि, सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवांगन ने बताया कि मौके पर गोली चलने का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में 112 एंबुलेंस के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई है।
CCTV फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
पुलिस के मुताबिक, व्यक्ति पहली नजर में मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। हालांकि, उसकी स्वास्थ्य स्थिति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हंगामे के पीछे की वजह जानने में जुटी है।






