राजधानी रायपुर में शुक्रवार को तब माहौल गरम हो गया जब क्रांति सेना के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में बाजारों में दुकानें बंद करवाने निकले। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सख़्त कदम उठाते हुए करीब 1000 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर लिया। इनमें संगठन के प्रमुख पदाधिकारी अमित बघेल समेत कई जिम्मेदार सदस्य शामिल हैं।
क्रांति सेना का यह विरोध एक विवादित टिप्पणी के विरोध में किया जा रहा था, जिससे शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो, इसके लिए पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ जगहों पर बहस और नारेबाज़ी की घटनाएँ हुईं, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन यह कार्रवाई की। इस बीच, अपशब्द कहने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही, लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।







