अखिल भारतीय जनसंध ने 13 अक्टूबर 2025 को बड़ा ऐलान किया कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य भारतभूषण ने प्रेस वार्ता में बताया कि जनसंध सहयोगी दलों के साथ मिलकर राज्य की राजनीति में नया विकल्प देने की तैयारी में है। उनका कहना है कि वर्तमान राजनीति में अपराध और धनतंत्र का बोलबाला बढ़ गया है, जिससे आम जनता हताश और निराश हो चुकी है। इस स्थिति को बदलने के लिए ईमानदार और सेवा भाव से जुड़े लोग आगे आएंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन गांव-गांव में जाकर गोवंश संरक्षण, कृषि-उद्योग के विकास, लघु कुटीर उद्योग और स्वदेशी के आधार पर आत्मनिर्भर समाज बनाने की दिशा में काम करेगा। संगठन का लक्ष्य है कि बिहार में स्वस्थ, स्वावलंबी और सशक्त समाज की नींव रखी जाए। इसके लिए जनसंध न सिर्फ चुनाव लड़ेगा, बल्कि एक सशक्त वैकल्पिक राजनीति का निर्माण भी करेगा।
आचार्य भारतभूषण ने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है कि ईमानदार और योग्य लोग राजनीति में आएं और समाज को नई दिशा दें। उन्होंने बताया कि चुनाव में सहयोगी दलों के साथ गठबंधन को लेकर भी रणनीति पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए आगामी दिनों में अहम बैठक होगी।
इस घोषणा के साथ ही बिहार की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जनसंध के मैदान में उतरने से चुनावी समीकरणों में दिलचस्प बदलाव देखने को मिल सकता है।







