इजरायल ने गाजा शहर में रह रहे नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि जो भी लोग शहर में रुके रहेंगे, उन्हें आतंकवादी माना जाएगा। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सेना ने गाजा शहर की घेराबंदी पूरी तरह मजबूत कर ली है और वहां रहने वालों के पास अब सिर्फ एक ही विकल्प है—दक्षिण की ओर पलायन करना।
काट्ज़ ने साफ कहा, “यह गाजा वासियों के लिए आखिरी मौका है। जो लोग अभी भी शहर में रहेंगे उन्हें हमास समर्थक और आतंकी समझा जाएगा।”
गाजा को दो हिस्सों में बांट दिया गया
इजरायली सेना ने नेत्ज़ारिम गलियारे पर नियंत्रण कर लिया है, जो गाजा के उत्तरी हिस्से को दक्षिण से जोड़ता था। अब गाजा का उत्तरी भाग पूरी तरह अलग हो गया है और यहां से दक्षिण की ओर जाने वाले हर व्यक्ति को इजरायली सैन्य चौकियों से गुजरना होगा।
ट्रंप के शांति प्रस्ताव पर विचार
उधर, हमास अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए शांति प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। इस प्रस्ताव में युद्ध समाप्त करने और हमास के कब्ज़े में मौजूद बंदियों को रिहा करने की शर्त शामिल है। हालांकि, हमास नेताओं का कहना है कि इसमें कई बिंदु ऐसे हैं जो स्वीकार्य नहीं हैं और अन्य फिलिस्तीनी गुटों से सलाह-मशविरा के बाद ही आधिकारिक प्रतिक्रिया दी जाएगी।
मानवीय संकट गहराया
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक महीने में इजरायली हमलों के चलते करीब 4 लाख फिलिस्तीनी गाजा से पलायन कर चुके हैं। लेकिन हजारों लोग अब भी वहीं फंसे हुए हैं, जो या तो बेहद गरीब हैं, बीमार हैं या यात्रा करने में असमर्थ हैं।



