पूर्व मंत्री के बेटे की गुंडागर्दी कैमरे में कैद: नरसिंहपुर में युवकों को धमकाया, की मारपीट और बोला– “आधा भोपाल डरता है मुझसे”

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो राज्य के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व ऊर्जा मंत्री ए.एन.पी. प्रजापति के बेटे से जुड़ा बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में ए.एन.पी. प्रजापति का बेटा दो युवकों को खुलेआम धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही वह युवकों से मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो में युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए उसका रवैया बेहद आक्रामक और दबंगई भरा दिखाई देता है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नरसिंहपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है और वीडियो कथित तौर पर ए.एन.पी. प्रजापति के सरकारी आवास का बताया गया है। वायरल वीडियो में प्रजापति का बेटा यह कहते सुना जा सकता है कि “आधा भोपाल डरता है मेरे नाम से, अकेले जाता हूं और एक-एक को मार देता हूं।” इस बयान ने सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा कर दिया है।

वीडियो के सामने आने के बाद से आम जनता में गुस्सा है और लोग इस तरह की गुंडागर्दी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन और पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार वीडियो को शेयर कर रहे हैं और पूर्व मंत्री के बेटे की दबंगई पर सवाल उठा रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment