पटना।बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत हर परिवार से एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। योजना की शुरुआत सितंबर से होगी और राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल
विशेष कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना का लक्ष्य हर परिवार की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए सहायता देना है। इच्छुक महिलाओं से आवेदन मंगाए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया का संचालन ग्रामीण विकास विभाग करेगा।
छह माह बाद 2 लाख तक की अतिरिक्त मदद
सरकार ने स्पष्ट किया कि महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के छह माह बाद उनके कार्यों का आकलन किया जाएगा। आकलन के आधार पर जरूरत पड़ने पर 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। साथ ही, महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से लेकर शहर तक हाट-बाजार विकसित किए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से ही सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। यह योजना उसी कड़ी का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर अपने ही राज्य में मिलेंगे।
महिला समूहों से संवाद के बाद बनी योजना
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बताया कि योजना का खाका 70 हजार महिला समूहों से संवाद के बाद तैयार किया गया है। महिलाओं के सुझावों को ध्यान में रखते हुए यह योजना बनाई गई, ताकि वे अपने परिवार और राज्य दोनों की प्रगति में योगदान दे सकें।







