रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के ओपीडी भवन में किए गए निर्माण कार्य का भुगतान अब तक लंबित है। कोरोना काल के दौरान विभागीय आदेश पर किए गए इस कार्य की राशि ठेकेदार को नहीं मिल पाने से ठेकेदार आर्थिक संकट में फंस गया है।
समय पर कार्य पूरा, फिर भी भुगतान नहीं
निर्माण उप संभाग क्र. 2 रायपुर के अंतर्गत लघुमूल्य गार्ड एवं जमा कार्य का जिम्मा पीडब्ल्यूडी के डी-क्लास सिविल ठेकेदार राकेश मोहन त्रिपाठी को सौंपा गया था। तत्कालीन उप संभागीय अधिकारी श्री देव नारायण वर्मा के आदेश पर यह कार्य कराया गया, जिसे समय पर और गुणवत्तापूर्वक पूरा भी कर दिया गया।
कार्य की पुष्टि विभागीय स्तर पर होने के बावजूद आज तक भुगतान नहीं किया गया है।
सरकार और विभाग को कई बार दी जानकारी
ठेकेदार ने बताया कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री, राज्यपाल, महालेखाकार छत्तीसगढ़ और यहां तक कि भारत सरकार को भी पत्र लिखकर भुगतान लंबित होने की जानकारी दी। इसके बावजूद विभाग की ओर से किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।

आर्थिक संकट से जूझ रहा ठेकेदार
भुगतान रुकने से ठेकेदार न तो श्रमिकों को मजदूरी दे पा रहा है और न ही व्यवसायिक ऋण चुका पा रहा है। इस वजह से उस पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
राकेश मोहन त्रिपाठी ने कहा—
“विभाग द्वारा किए गए कार्य का भुगतान न मिलने से मेरी आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हो गई है। न केवल सामाजिक और व्यावसायिक दबाव झेलना पड़ रहा है बल्कि जीवन के लिए भी संकट महसूस हो रहा है।”
शीघ्र समाधान की मांग
ठेकेदार ने शासन-प्रशासन से इस गंभीर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की है।







