बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुजफ्फरपुर और छपरा में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा राज्यभर में कुल 15 रैलियां करने जा रहे हैं। इससे राज्य की सियासत और भी गर्म हो गई है।
एनडीए की जीत का भरोसा जताया
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को पोस्ट करते हुए कहा कि वे गुरुवार को बिहार के मुजफ्फरपुर और छपरा में जनता से संवाद करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि “बिहार की जनता इस बार बीजेपी-एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेगी।” पीएम मोदी ने इससे पहले समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभाएं कर एनडीए के चुनावी अभियान की शुरुआत की थी।
कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत
कांग्रेस ने भी बिहार चुनाव में पूरी तैयारी कर ली है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राज्य में तीन रैलियां और कई प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
राहुल गांधी ने बुधवार को मुजफ्फरपुर और दरभंगा से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की, जबकि प्रियंका गांधी सप्ताह के अंत तक बिहार पहुंचकर महागठबंधन के प्रचार में शामिल होंगी।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी
कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कन्हैया कुमार और पप्पू यादव के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सचिन पायलट, भूपेश बघेल, रणदीप सुरजेवाला और अशोक गहलोत जैसे वरिष्ठ नेता भी बिहार में प्रचार करेंगे।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “सकरा और दरभंगा की रैलियों ने बिहार में महागठबंधन के अभियान को नई ऊर्जा दी है। जनता बदलाव चाहती है और इस बार नतीजे उसके पक्ष में होंगे।”
6 और 11 नवंबर को होंगे मतदान
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे।
- पहला चरण: 6 नवंबर को, 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान
- दूसरा चरण: 11 नवंबर को, 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग
इन दोनों चरणों में कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 1085 प्रत्याशी (41%) पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।



