छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं की सफलता की कहानियों को नई पहचान देने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। इसी कड़ी में ‘दीदी के गोठ’ नाम से एक नया रेडियो कार्यक्रम 31 अगस्त 2025 से शुरू होने जा रहा है। इसका पहला प्रसारण दोपहर 12:15 बजे आकाशवाणी के सभी केंद्रों से होगा।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री विजय शर्मा सीधे बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य है महिलाओं की मेहनत और संघर्ष से मिली उपलब्धियों को पूरे राज्य तक पहुंचाना, ताकि अन्य समूहों को भी नई दिशा और प्रेरणा मिल सके।
बिहान मिशन को मिलेगा नया मंच
‘दीदी के गोठ’ के जरिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन—बिहान के तहत किए जा रहे कार्यों का प्रसार होगा। स्व-सहायता समूह की महिलाएं अपने अनुभव और आत्मनिर्भरता की कहानियां साझा करेंगी। सरकार का मानना है कि यह पहल न केवल महिलाओं को नई ऊर्जा देगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की राह में और मजबूत बनाएगी।



