660 करोड़ के दवा घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई: दुर्ग और रायपुर में मोक्षित कॉर्पोरेशन पर छापेमारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग।छत्तीसगढ़ में सरकारी दवा खरीदी में हुए 660 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तक पहुंच गई है। बुधवार सुबह ईडी की टीम ने दुर्ग के गंजपारा इलाके में स्थित मोक्षित कॉर्पोरेशन के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (सीएमएससीएल) में गड़बड़ी को लेकर की गई है।

सुबह करीब 6 बजे, ईडी के अधिकारी गंजपारा स्थित मोक्षित कॉरपोरेशन के कार्यालय पहुंचे और दस्तावेजों की जांच शुरू की। कंपनी के संचालक शांतिलाल चोपड़ा और उनके बेटे शशांक चोपड़ा के पास से पहले भी एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम पूछताछ और दस्तावेज जब्ती की कार्रवाई कर चुकी है।

मोक्षित कॉरपोरेशन के जरिए सरकारी एजेंसियों को दवा और मेडिकल उपकरण सप्लाई किए जा रहे थे। आरोप है कि बिना जरूरत और बिना मांग के बड़ी मात्रा में दवाएं खरीदी गईं। इस मामले को विधानसभा में भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी उठाया था और 660 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था।

अब इस पूरे प्रकरण की जांच में ईडी भी शामिल हो गई है। बुधवार को छह से अधिक ईडी अधिकारी दुर्ग में दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह जांच आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे की ओर बढ़ सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment