सुकमा।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक और बड़ी कामयाबी मिली है। थाना चिंतागुफा क्षेत्र के ग्राम पेंटापाड़ के पास गश्त और सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से आईईडी प्लांट करने की तैयारी कर रहे थे।
गिरफ्तार नक्सलियों से टिफिन बम, जिलेटिन रॉड, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कोर्डेक्स वायर और पेंसिल सेल जब्त किए गए। बरामद सामग्री का वजन करीब 2 से 3 किलो बताया जा रहा है। जांच में नक्सलियों ने कबूल किया कि वे मौके का फायदा उठाकर विस्फोटक लगाने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम बुर्कलंका के तीन युवकों के रूप में हुई है, जो प्रतिबंधित नक्सली संगठन में मिलिशिया सदस्य के तौर पर सक्रिय थे। लंबे समय से ये लोग इस क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई। चिंतागुफा थाना से जिला बल और 50वीं बटालियन के जवान अभियान पर निकले थे, वहीं डब्बाकोंटा कैम्प से भी सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालकर घेराबंदी की और तीनों नक्सलियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी।







