गरियाबंद।जिले के राजिम क्षेत्र में बिजली बिल बकाया रखने वालों पर विद्युत वितरण कंपनी ने सख्त रुख अपनाया है। नवापारा-राजिम संभाग की विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाए गए विशेष वसूली अभियान के तहत एक ही दिन में 386 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया कि 386 उपभोक्ताओं पर कुल 71 लाख 35 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था। बकाया राशि नहीं चुकाने पर विभाग ने तकनीकी माध्यम का इस्तेमाल करते हुए GPS सिस्टम से सभी कनेक्शन डिस्कनेक्ट कर दिए।
इतना ही नहीं, बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ के मामलों में भी सख्ती दिखाई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 31 उपभोक्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। FIR के बाद संबंधित उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर को ऑनलाइन माध्यम से डिस्कनेक्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बिजली विभाग की इस कड़ी कार्रवाई के बाद राजिम और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिल नहीं चुकाने और मीटर से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



