पीएम मोदी को गाली पर बवाल: MP में भाजपा का कांग्रेस दफ्तर घेराव, राहुल गांधी के पुतले दहन से बढ़ा हंगामा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल।बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सीहोर और गुना सहित कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालयों के सामने नारेबाजी की और राहुल गांधी के पुतले फूंके। कई जगहों पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।

ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस दफ्तर पहुंचे और राहुल गांधी व जीतू पटवारी का पुतला जलाया। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां आ गए और “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाने लगे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने पर हंगामा बढ़ गया और पुलिस को हालात संभालने पड़े।

इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए उन्हें पद से हटना चाहिए। कांग्रेस ने इसे भाजपा का “फ्लॉप शो” बताया।

उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका, लेकिन दोनों ओर से लगातार नारेबाजी होती रही। हालात तनावपूर्ण बने रहे।

गुना में भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी के पुतले की अर्थी निकाली और कांग्रेस दफ्तर के सामने दहन किया। कार्यकर्ता कंधे पर अर्थी लेकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे।

सीहोर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर धक्का-मुक्की हो गई। इस झड़प में भाजपा का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

भाजपा ने ऐलान किया है कि जब तक कांग्रेस पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहने वालों पर कार्रवाई नहीं करती, विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment