छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रमोशन आदेश आखिरकार जारी कर दिए गए हैं। इस बार का प्रमोशन आदेश बड़े पैमाने पर हुआ है, जिसमें 1335 लेक्चरर और हेड मास्टर को उच्च पद पर पदोन्नति दी गई है। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि इन शिक्षकों को प्रमोट कर उन्हें प्रिंसिपल बनाया गया है। इसके साथ ही प्रमोशन के बाद स्थानांतरण आदेश भी लागू किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार अलग-अलग मिडिल स्कूलों के लेक्चरर, लेक्चरर एलबी और हेड मास्टर को हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल पद पर प्रमोट किया गया है। यह फैसला लोक सेवा आयोग की पदोन्नति समिति की बैठक के बाद, स्कूल शिक्षा मंत्री की अनुशंसा पर लिया गया।
पदोन्नति पाए कुल 1335 प्रिंसिपलों में से 1222 ने जॉइनिंग दे दी है। शेष 113 में से 20 पदोन्नत प्राचार्य काउंसलिंग में अनुपस्थित रहे, 20 ने प्रमोशन लेने से इंकार कर दिया और 2 ने स्कूल चयन से इंकार किया। वहीं 71 पद ऐसे रहे जिनमें कुछ शिक्षक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, कुछ की मृत्यु हो चुकी है और कुछ निलंबित हैं।
यह प्रमोशन आदेश शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रही मांग को पूरा करता है। इससे न केवल शिक्षकों को उचित पद और सम्मान मिला है, बल्कि स्कूलों में प्रबंधन और शैक्षणिक स्तर को भी मजबूती मिलेगी।







