ऑपरेशन महादेव: पहलगाम हमले के मास्टरमाइंड हाशिम मूसा समेत तीन आतंकी ढेर, सैटेलाइट फोन ने खोली लोकेशन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जम्मू-कश्मीर।भारतीय सेना ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन खूंखार आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों में हमले का मास्टरमाइंड हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान शाह भी शामिल था, जो कभी पाकिस्तानी सेना का स्पेशल कमांडो रह चुका था और बाद में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ गया।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को एक सैटेलाइट कम्युनिकेशन डिवाइस (T82 अल्ट्रासेट) से तकनीकी संकेत मिले थे, जिससे आतंकियों की मौजूदगी का पता चला। इस इनपुट के आधार पर सेना ने पहले से योजना बनाई और सोमवार सुबह 8 बजे ड्रोन से आतंकियों की लोकेशन पुख्ता की गई।

इसके बाद राष्ट्रीय राइफल्स और पैरा स्पेशल फोर्सेस ने महादेव पहाड़ी क्षेत्र में ऑपरेशन की शुरुआत की। महज तीन घंटे के भीतर ही सेना ने आतंकियों को ट्रैक कर लिया और फायरिंग के दौरान एक के बाद एक तीनों आतंकियों को मार गिराया। यह ऑपरेशन भारतीय सेना की तकनीकी और सामरिक श्रेष्ठता का परिचायक बन गया।

मारे गए अन्य दो आतंकियों की पहचान जिब्रान (जो पिछले साल सोनमर्ग सुरंग हमले में शामिल था) और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। इन आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है, जिसमें कार्बाइन और एके-47 राइफलें शामिल थीं। सुरक्षाबलों का कहना है कि ये आतंकी किसी बड़े हमले की साजिश रच रहे थे।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिनमें कई पर्यटक भी शामिल थे। इसके बाद से सेना ने POK और पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचे पर निशाना साधते हुए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। अब ऑपरेशन महादेव की सफलता से यह स्पष्ट हो गया है कि भारतीय सुरक्षा बल आतंकवाद के खिलाफ हर मोर्चे पर सख्त और तैयार हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment