जशपुर।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 30 दिसंबर को प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क मोड में आ गया है। राष्ट्रपति के स्वागत, सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मू का हेलीकॉप्टर जशपुर जिले के ग्राम नीमगांव स्थित आगडीह हवाई पट्टी पर उतरेगा। इसे ध्यान में रखते हुए हैलीपैड के रनवे का दोबारा डामरीकरण किया गया है। साथ ही लैंडिंग प्वाइंट और रनवे के किनारों पर सफेद रंग से स्पष्ट मार्किंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू सड़क मार्ग से लोदाम होते हुए झारखंड के गुमला जिले के मांझाटोली जाएंगी। इस मार्ग पर सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सड़क का नवीनीकरण किया गया है और दोनों ओर उगी झाड़ियों की साफ-सफाई भी कराई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान जिला पुलिस और एसआईएफ के जवान संभालेंगे। इसके अलावा अंबिकापुर, बलरामपुर और रायगढ़ जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारी बुलाए गए हैं। रविवार को रक्षित पुलिस लाइन में जवानों और अधिकारियों को उनकी ड्यूटी और तैनाती स्थल की जानकारी दी गई।
आज होगा हेलीकॉप्टर लैंडिंग का अंतिम अभ्यास
सोमवार को आगडीह हवाई पट्टी में राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी। राष्ट्रपति झारखंड की राजधानी रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा जशपुर पहुंचेंगी।
NH-43 पर यातायात डायवर्ट
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए 30 दिसंबर को कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि जशपुर नगर से लेकर झारखंड के मांझाटोली तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। रायगढ़ और जशपुर से रांची जाने वाले वाहन गिरांग चौक से डायवर्ट होकर बालाछापर, आरा, सकरडेगा, कोंडरा, मोकरा और सुरसांग होते हुए मांझाटोली पहुंचेंगे, जहां से आगे गुमला और रांची की ओर जा सकेंगे।
अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम में होंगी शामिल
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 दिसंबर को झारखंड के गुमला जिले के मांझाटोली में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे पुनः सड़क मार्ग से आगडीह हवाई पट्टी पहुंचेंगी और वहां से वापस प्रस्थान करेंगी।







